रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 11 मई । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं हिंदी विषय का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद शुरू हुई जांच अब महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गई है।
थाना कोतवाली पुलिस और ACCU/क्राइम ब्रांच रायपुर की संयुक्त टीम ने पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी वेणु जंघेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से चली विस्तृत पूछताछ में कई नए तथ्य और नाम सामने आए हैं, जिनकी जांच जारी है।
सोशल मीडिया में 12वीं हिंदी पेपर लीक की बात फैलते ही थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त, मध्य ज़ोन के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी और तथ्यों पर आधारित विवेचना प्रारंभ की।
जांच के दौरान यह सामने आया कि पेपर वायरल होने के तुरंत बाद कई संबंधित व्यक्तियों ने अपने डिजिटल फुटप्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिटाने की कोशिश की।
पुलिस ने साइबर तकनीकी सहायता से डिलीटेड डेटा, मोबाइल चैट, सोशल मीडिया गतिविधियां और फाइनेंशियल ट्रांजैक्शनों का गहन विश्लेषण किया। लगभग 50 से अधिक छात्रों व अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल तक पहुंची।
19 वर्षीय आरोपी बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का निवासी है और वर्तमान में गुढ़ियारी, रायपुर में रह रहा था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने छात्रों से प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के बदले ₹3000 तक की राशि ली थी।प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए डिजिटल साक्ष्यों को नष्ट करने के प्रयास कर रहा था।
पुलिस उपायुक्त द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था। लगातार डिजिटल ट्रैकिंग और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया।
चार दिनों की पुलिस रिमांड में आरोपी से पूछताछ के बाद प्रश्नपत्र प्रसारण के तरीकों, आर्थिक लेन-देन और अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
रिकवर किए गए डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस अब अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद आरोपी वेणु जंघेल को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई थाना कोतवाली, रायपुर द्वारा की जा रही है।

