राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 12 मई – समीपस्थ ग्राम फ़रहद में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय राजनांदगांव के तत्वावधान में आयोजित “शिव अमृतवाणी एवं राजयोग मेडिटेशन शिविर” का शुभारंभ श्रद्धा एवं आध्यात्मिक वातावरण के मध्य परमात्मा शिव जी की आरती एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच भ्राता लोकेश्वर देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में तथा भ्राता तारा चंद साहू एवं भारत सिंह साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया तथा ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

इस अवसर पर सेवाकेंद्र संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी पुष्पा दीदी जी ने अपने पावन सानिध्य में उपस्थित ग्रामवासियों को आध्यात्मिक ज्ञान एवं राजयोग मेडिटेशन के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और आत्मिक शक्ति के लिए राजयोग मेडिटेशन अत्यंत आवश्यक है।
शिव अमृतवाणी के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में सुख, शांति और आनंद का अनुभव कर सकता है।ब्रह्माकुमार मुरलीधर सोमानी भाई ने संस्था का परिचय दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, माताएं, बहनें एवं युवा उपस्थित रहे। सभी ने ध्यान योग का अभ्यास कर आत्मिक शांति का अनुभव किया।
प्रतिदिन आयोजित होने वाले सत्संग एवं मेडिटेशन सत्रों में आध्यात्मिक ज्ञान, सकारात्मक जीवनशैली तथा नैतिक मूल्यों पर आधारित प्रेरणादायी विचार साझा किए जाएंगे।
यह शिविर आगामी 17 मई, रविवार तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक दुर्गा मंच, फ़रहद में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने सभी ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों से इस आध्यात्मिक शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लाभ लेने की अपील की है।

