रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 13 मई । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग के लिए बड़ी पहल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील से प्रेरित होकर अब उनके काफिले में केवल अत्यावश्यक वाहन शामिल होंगे।
साथ ही राज्य सरकार ने सभी शासकीय वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच ईंधन संरक्षण राष्ट्रहित में अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल जैसे कीमती संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का समय आ गया है और यही संदेश प्रधानमंत्री मोदी भी दे रहे हैं।मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब उनके आधिकारिक दौरों में केवल बेहद आवश्यक वाहन ही शामिल किए जाएंगे।
काफिले से अनावश्यक वाहनों को हटाया जाएगा, ताकि ईंधन की खपत में कमी लाई जा सके। यह निर्णय राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में अनुशासन और संसाधन-संयम की नई शुरुआत माना जा रहा है।
साथ ही सीएम ने राज्य सरकार के मंत्रियों एवं निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी सरकारी वाहनों और अन्य संसाधनों के संयमित उपयोग का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि वाहन उपयोग में संयम अपनाकर सरकार पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत दोनों में योगदान दे सकती है।

