जशपुर(अमर छत्तीसगढ़) । छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए का अवैध गांजा जब्त किया है।
थाना कांसाबेल अंतर्गत चौकी दोकड़ा पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 2 क्विंटल 7 किलो यानी 207 किलो गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर आ रहा था और पुलिस को गुमराह करने के लिए आम से भरी ट्रे के नीचे गांजा छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने 207 पैकेट में भरे गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन यूपी 70 आरटी 6633 और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में कुल 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपए की जब्ती की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेमनाथ सिंह के रूप में हुई है, जो बगीचा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी 2 सी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि, जशपुर पुलिस एंड टू एंड इन्वेस्टिगेशन कर रही है और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि, जनवरी 2026 से अब तक पुलिस 3 करोड़ रुपए से अधिक के मादक पदार्थ जब्त कर 27 तस्करों को जेल भेज चुकी है।

