बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 14 मई । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कोयला से भरी एक मालगाड़ी के वैगन में अचानक आग लग गई। घटना गतौरा रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और दमकल विभाग में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार मालगाड़ी बिलासपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान एक वैगन से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं, जिसके बाद तत्काल ट्रेन को गतौरा स्टेशन के पास रोका गया। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि भीषण गर्मी के कारण कोयले में आग लगी हो सकती है। हालांकि रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। घटना के चलते कुछ समय तक रेल परिचालन भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

