सीएसएमएल ओवर टाइम भुगतान घोटाला : एसीबी- ईओडब्लू ने छत्तीसगढ़ डिस्टलरी के वाइस प्रेसिडेंट को किया गिरफ्तार

सीएसएमएल ओवर टाइम भुगतान घोटाला : एसीबी- ईओडब्लू ने छत्तीसगढ़ डिस्टलरी के वाइस प्रेसिडेंट को किया गिरफ्तार

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 14 मई । शराब दुकान कर्मियों के नाम से 101 करोड़ रुपए से ज्यादा ओवर टाइम भुगतान घोटाला के आरोप में एसीबी, ईओडब्लू की टीम ने छत्तीसगढ़ डिस्टलरी के वाइस प्रेसिडेंट, मार्केटिंग एन. उदय राव को बुधवार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को जांच एजेंसी ने स्पेशल कोर्ट में पेश किया।

उल्लेखनीय है कि शराब दुकान कर्मियों के नाम पर ओवर टाइम घोटाला के आरोप में जांच एजेंसी ने पूर्व में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन सातों आरोपियों को भी कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी आरोरपियों को अगली सुनवाई तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का फैसला सुनाया है।

जांच एजेंसी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कार्पोरेशन लिमिटेड (सीएसएमएल के रिकार्ड में मैन पावर उपलब्ध कराने का कार्य ए-टू-जेड इंफ्रा सर्विसेस लिमिटेड के नाम से था, लेकिन इसका संचालन, बिलिंग समन्वय एवं भुगतान व्यवस्था एन. उदय राव कर रहा था।

बिलिंग समन्वय, कर्मचारियों की व्यवस्था एवं भुगतान संबंधी कार्य छत्तीसगढ़ डिस्टलरी की संबद्ध कंपनी एनकेजेए की ओर से एन. उदय राव द्वारा किया जाता था। ओवर टाइम, बोनस एवं चार अतिरिक्त दिवस कार्य की बिलिंग उदय राव के कहने पर की जाती थी।

उक्त राशि से कमीशन भुगतान के संबंध में वह अरुणपति त्रिपाठी से समन्वय करता था तथा उक्त राशि अरुणपति त्रिपाठी के माध्यम से आगे अनवर ढेबर तक पहुंचती थी।ईओडब्लू, एसीबी द्वारा दर्ज शराब घोटाले की नियमित सुनवाई में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, चैतन्य बघेल, डिस्टलर्स, आबकारी अधिकारी सहित कुल 69 आरोपी कोर्ट में पेश हुए।

कोर्ट ने अगली सुनवाई 4 जून को निर्धारित की है। विशेष न्यायालय ईडी के समंस पर मेसर्स प्रिज्म होलोग्राम के विधु गुप्ता, कारोबारी लक्ष्मी नारायण बंसल, पियूष बृजलानी, नीतीश पुरोहित, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव उपस्थित हुए। ईडी द्वारा दर्ज घोटाले के इन आरोपियों ने सीआरपीसी की धारा 88 के तहत कोर्ट में जमानत आवेदन प्रस्तुत किया है।

ईओडब्लू, एसीबी की विवेचना में उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार मैन पावर एजेंसियों को वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच तीन अलग-अलग मदों में अतिरिक्त भुगतान किया जाना पाया गया है, जो इस प्रकार से है-ओवर टाइम भुगतान -लगभग 101.20 करोड़ बोनस भुगतान – लगभग 12.21 करोड़ अतिरिक्त दिवस कार्य का भुगतान – लगभग 54.46 करोड़ इस तरह ओवर टाइम, बोनस एवं चार अतिरिक्त कार्य दिवस भुगतान पर सर्विस चार्ज के रूप में लगभग 15.11 करोड़ तथा इस प्रकार के उक्त सभी मदों को मिलाकर कुल लगभग 182.98 करोड़ का अतिरिक्त भुगतान सुमीत फैसिलिटीज, प्राइमवन वर्कफोर्स, एटूजेड इंफ्रा सर्विसेस, अलर्ट कमांडोज एवं ईगल हंटर सॉल्यूशंस सहित संबंधित मैन पावर एजेंसियों को किया गया था।

Chhattisgarh