राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 16 मई।
मसीह समाज द्वारा एक गरिमामयी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें वर्षों से समाज और प्रभु सेवा में निरंतर समर्पित पास्टर तंगचन जॉर्ज का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
वयोवृद्ध होने के बावजूद आज भी पास्टर तंगचन जॉर्ज पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मसीह समाज की सेवा में सक्रिय हैं। उनके इसी सेवा भाव और समाज के प्रति योगदान को सम्मानित करने के लिए यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष हैरी जोसेफ उपस्थित रहे। मसीह समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका भी आत्मीय स्वागत किया।
अपने संबोधन में हैरी जोसेफ ने कहा कि पास्टर तंगचन जॉर्ज ने मसीह समाज के लिए जो कार्य किए हैं वे अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा और मानवता के लिए उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए उदाहरण है।
इस अवसर पर उन्होंने पास्टर जॉर्ज का सम्मान कर उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। इस गरिमामयी कार्यक्रम में बिशप जॉन वेसली , मसीह मंदिर गौरी नगर के पास्टर फ्रांसिस नाग, वैसलीयेन चर्च डोंगरगांव के पास्टर हेमंत नंद, वैसलीन चर्च राजनांदगांव के पास्टर तुरथ ग्वाल, पास्टर अतुल मसीह, पास्टर हरभूषण रवाना, पास्टर अविनाश किशोर, पास्टर डेविड चाकों, आनंद वर्गीस, आशा थॉमस शरद रंजन सहित ब्रदरन ग्रुप के असेंबली चर्च के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मसीह समाज राजनांदगांव के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कुरियाकोस की विशेष उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान समाज के लोगों में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन प्रार्थना एवं आभार प्रदर्शन के साथ किया गया।

