यूरिया वितरण में गड़बड़ी पर एक्शन : कलेक्टर ने कृषि विभाग के दो अधिकारियों को किया सस्पेंड

यूरिया वितरण में गड़बड़ी पर एक्शन : कलेक्टर ने कृषि विभाग के दो अधिकारियों को किया सस्पेंड

महासमुंद(अमर छत्तीसगढ़) 21 मई । छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में यूरिया वितरण में गड़बड़ी पर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। कलेक्टर विनय लंगेह ने कृषि विभाग के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सुंदरलाल मिर्धा और प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी गंगा प्रसाद शरणागत को सस्पेंड कर दिया है। इन पर अनियमित खाद वितरण और विभागीय निर्देशों की अनदेखी करने के आरोप लगे हैं।

बताया जाता है कि सरायपाली और बागबाहरा क्षेत्र में अक्रियाशील फसल अवधि के दौरान किसानों को अधिक मात्रा में यूरिया का वितरण किया गया। मामले में किसानों की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने जांच कराई, जिसमें लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों पर खाद वितरण व्यवस्था की निगरानी नहीं करने और समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। इस कार्रवाई के बाद जिले में कृषि विभाग की कार्यप्रणाली और खाद वितरण व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

Chhattisgarh