सराफा व्यापारी से 70 लाख का फ्रॉड : PWD कर्मचारी सोने-चांदी के जेवरात लेकर हुआ फरार

सराफा व्यापारी से 70 लाख का फ्रॉड : PWD कर्मचारी सोने-चांदी के जेवरात लेकर हुआ फरार

धमतरी(अमर छत्तीसगढ़) 5 जुन । छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से भरोसे को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक PWD कर्मचारी ने पुराने पारिवारिक संबंधों और विश्वास का फायदा उठाकर सराफा व्यापारी को करीब 70 लाख रुपये का चूना लगा दिया। आरोपी व्यापारी का भरोसा जीतकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया, जिसके बाद पूरे सराफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार का है। पीड़ित सराफा व्यापारी जसराज जैन ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपी हेमंत सोनी लोक निर्माण विभाग (PWD) में कर्मचारी है। उसके पिता लंबे समय से जसराज जैन की दुकान में कार्यरत थे, जिससे दोनों परिवारों के बीच वर्षों पुराना विश्वास कायम था।

इसी भरोसे का लाभ उठाते हुए हेमंत सोनी का दुकान में आना-जाना बढ़ गया। वह ग्राहकों को सोने-चांदी के आभूषण दिखाने और बिक्री संबंधी कार्यों में सहयोग करने लगा। धीरे-धीरे उसने व्यापारी का इतना विश्वास जीत लिया कि उसे लाखों रुपये मूल्य के जेवरात सौंपे जाने लगे।

बताया गया कि, करीब दो महीने पहले हेमंत सोनी दुकान से लगभग 70 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। व्यापारी ने जब उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब व्यापारी को अपने साथ हुई बड़ी धोखाधड़ी का एहसास हुआ।

इसके बाद जसराज जैन ने कोतवाली थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, आरोपी के परिजनों ने भी उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है और विभिन्न संभावित ठिकानों पर जांच की जा रही है।

Chhattisgarh