दुर्ग(अमर छत्तीसगढ़) 9 जुन । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके परिवार के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोरध्वज साहू उर्फ मोनू भी शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, अमलेश्वरडीह निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि 7 जून की रात करीब 11 बजे कुछ लोग कार क्रमांक CG04 NE 8055 से उसके घर पहुंचे और बाहर खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे। शिकायत के मुताबिक, जब महिला ने गैलरी से बाहर आकर शोर-शराबे का कारण पूछा, तो आरोपी दीपक वर्मा, जय साहू और मोरध्वज साहू उर्फ मोनू ने उसके पति के बारे में पूछते हुए कथित रूप से अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया और अभद्र टिप्पणियां कीं।
महिला का आरोप है कि आरोपियों ने अशोभनीय इशारे किए और घर में घुसने की भी कोशिश की। इसी दौरान उसके पति उमेश साहू बाहर आए तो उन्हें भी कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के दौरान आसपास के लोगों ने भी हंगामा होते देखा और सुना। इसके बाद पीड़िता ने अमलेश्वर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 296, 351(3), 79 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पर्याप्त आधार मिलने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

