राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) , 11 जून। शिवनाथ नदी तट स्थित सिंदई वार्ड में करंट की चपेट में आने से 14 गौवंशों की हुई दर्दनाक मौत पर पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना को बिजली विभाग की घोर लापरवाही का परिणाम बताया है।
घटना की जानकारी मिलते ही वे वार्ड पार्षद मुकेश साहू, आशीष साहू, जय जायसवाल, गौसेवक हरीश भानुशाली एवं अन्य साथियों के साथ घटनास्थल पहुंचे तथा प्रभावित किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
ग्रामीणों से चर्चा के बाद ऋषि शास्त्री ने कहा कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि विभागीय उदासीनता का गंभीर उदाहरण है। वर्षों से जर्जर विद्युत खंभों और तारों की शिकायतें किए जाने के बावजूद समय रहते आवश्यक मरम्मत और रखरखाव नहीं किया गया, जिसके कारण आज 14 बेजुबान गौवंशों को अपनी जान गंवानी पड़ी। यदि समय पर कार्रवाई होती तो इस दुखद घटना को रोका जा सकता था।

ऋषि शास्त्री ने प्रदेश सरकार, ऊर्जा विभाग और जिला प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने तथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने मृत गौवंशों के मालिकों को उचित एवं सम्मानजनक मुआवजा प्रदान करने की भी मांग की।उन्होंने जिलेभर में जर्जर बिजली खंभों, विद्युत तारों और अन्य विद्युत संरचनाओं का विशेष सर्वेक्षण कर उन्हें तत्काल बदलने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

