रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 14 जुन । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरोना स्थित कंपोजिट विदेशी शराब दुकान से बदमाश करीब 7 लाख रुपए से भरा लॉकर ही उखाड़कर ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए, जिससे पुलिस को कोई सुराग न मिल सके। यह घटना आमानाका थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह दुकान संचालकों को चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चोर दुकान में घुसे और वहां रखा कैश से भरा लॉकर उखाड़कर ले गए। बताया जा रहा है कि लॉकर में करीब 7 लाख रुपए कैश रखे थे। वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है।
चोरों ने पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे CCTV सिस्टम का DVR भी निकाल लिया। इससे पुलिस को फुटेज के जरिए आरोपियों तक पहुंचने में चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों और सड़कों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल डीसीपी वेस्ट, एसीपी पुरानी बस्ती, आमानाका थाना पुलिस, डॉग स्क्वायड और अन्य जांच एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आबकारी विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और दुकान प्रबंधन से जानकारी ली। कैश की वास्तविक राशि, सुरक्षा व्यवस्था और चोरी के समय को लेकर जांच की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि वारदात में पेशेवर चोरों का हाथ हो सकता है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

