विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से : खाद-बीज समेत अहम मुद्दों पर होगी चर्चा, अधिसूचना जारी

विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से : खाद-बीज समेत अहम मुद्दों पर होगी चर्चा, अधिसूचना जारी

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 15 जुन । छत्तीसगढ़ विधानसभा का आगामी मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होगा, जो 17 जुलाई तक चलेगा। विधानसभा सचिवालय ने सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। पांच दिवसीय इस सत्र में कुल 5 बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

सत्र के दौरान विपक्ष सरकार को कई जनहित और समसामयिक मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। वहीं सरकार भी अपने विभागों के कामकाज और योजनाओं की प्रगति को सदन के सामने रखेगी। मानसून के मौसम को देखते हुए खाद-बीज की उपलब्धता, किसानों की समस्याएं, सिंचाई व्यवस्था, समर्थन मूल्य, ग्रामीण विकास और कानून-व्यवस्था जैसे विषयों पर सदन में विस्तृत चर्चा होने के आसार हैं।

प्रदेश के किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने का मुद्दा इस बार प्रमुखता से उठ सकता है। इसके अलावा बारिश के दौरान सड़कों की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।

Chhattisgarh