खाद की कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन : प्रशासन ने 676 बोरी यूरिया और 80 बोरी डीएपी किया जब्त, अवैध भंडारण करने वाला गोदाम सील

खाद की कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन : प्रशासन ने 676 बोरी यूरिया और 80 बोरी डीएपी किया जब्त, अवैध भंडारण करने वाला गोदाम सील

सूरजपुर(अमर छत्तीसगढ़) 4 जुलाई । छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में किसानों के लिए निर्धारित उर्वरकों की कालाबाजारी और अनियमित बिक्री पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में खाद जब्त की है। कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने रामानुजनगर थाना क्षेत्र के द्वारिकापुर निवासी कमलेश्वर साहू के दुकान एवं गोदाम में छापेमारी कर 676 बोरी यूरिया और 80 बोरी डीएपी खाद जब्त की।

मिली जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान नियमावली का पालन नहीं करने तथा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचने की शिकायत सही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान टीम को गोदाम में 750 बोरी धान, 20 बोरी चावल और 2 बोरी चना भी मिला। संबंधित व्यक्ति इन कृषि उपज के भंडारण के लिए मंडी लाइसेंस और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके चलते इन्हें भी जब्त कर लिया गया।

अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने पूरे गोदाम को सील कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश पर कृषि अधिकारी संपदा पैकरा और स्थानीय तहसीलदार मनहरण सिंह राठिया के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा की गई।

Chhattisgarh