धान खरीदी की तैयारी: किसानों के पंजीयन और नामिनी संशोधन की समय-सारणी जारी

धान खरीदी की तैयारी: किसानों के पंजीयन और नामिनी संशोधन की समय-सारणी जारी

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 5 जुलाई । जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ कर दिया गया है। पंजीयन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। यह व्यवस्था राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप लागू की गई है।

जारी जानकारी के अनुसार सभी पात्र किसानों के लिए एपेक्स पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य रहेगा। धान खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आधार सत्यापन एवं बायोमेट्रिक आधारित प्रणाली का उपयोग किया जाएगा।

पंजीयन प्रक्रिया के तहत पूर्व वर्षों में पंजीकृत किसानों को अपने खसरा नंबर, बैंक खाता विवरण तथा अन्य आवश्यक जानकारी का सत्यापन कराना होगा। वहीं, बंटाईदार, पट्टेदार, वनाधिकार प्राप्त कृषक एवं शरणार्थी वर्ग के नए किसानों का पंजीयन भी 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।

विभाग द्वारा बताया गया कि किसानों के नामिनी संशोधन की सुविधा भी 1 जुलाई 2026 से धान खरीदी की अवधि तक उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से फसल की प्रविष्टि 15 अगस्त 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक की जा सकेगी।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव ने किसानों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन एवं आवश्यक संशोधन कार्य पूर्ण कराने की अपील की है, ताकि समर्थन मूल्य पर धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Chhattisgarh