रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 6 जुलाई । इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार के साथ खाल तस्करी प्रकरण में एंटी पोचिंग तथा इंद्रावती टाइगर रिजर्व ने तीसरी खाल भी जब्त कर ली है। एक बाघ की खाल की और जब्ती होनी बाकी है। खाल जब्ती के साथ ही टीम ने इंद्रावती टाइगर रिजर्व के एक चौकीदार को भी अरेस्ट किया है।
सूत्रों ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया है कि बाघ की खाल तस्करी करने के आरोप में टीम ने महाराष्ट्र के दो आत्मसमर्पित नक्सलियों को भी गिरफ्तार किया है।
बाघ खाल के साथ कंकाल तस्करी करने के आरोप में वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल, यूएसटीआर की एंटी पोचिंग स्क्वॉड, इंद्रावती टाइगर रिजर्व के साथ पुलिस की संयुक्त टीम बाघ आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र पुलिस के दो जवान भी शामिल रहे हैं। अब तक जिन लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
उन लोगों के सिंडिकेट से जुड़े अन्य साथियों की पतासाजी की जा रही है। इसके लिए वन विभाग अपने मुखबिर तंत्र की मदद ले रहा है। बाघ खाल तथा कंकाल तस्करी के पूरे प्रकरण की इंद्रावती टाइगर रिजर्व के अफसर सोमवार को महत्वपूर्ण खुलासा कर सकते हैं।
बाघ की खाल तस्करी से जुड़े प्रकरण में महाराष्ट्र के आत्मसमर्पित नक्सलियों के शामिल होने की बात पहली बार सामने आई है। इसके पूर्व महाराष्ट्र के साथ छत्तीसगढ़ के जो आत्मसमर्पित नक्सली हैं, उनका अब तक उनका नाम किसी वन अपराध में नहीं आया है।
पूर्व में जो माओवाद से जुड़े रहे हैं, उन्हें जंगल की अच्छी जानकारी है। आशंका जताई जा रही है, इसी बात का फायदा उठाकर बाघ के साथ अन्य वन्यजीवों की खाल तथा अंगों की तस्करी करने वाले पैसों की लालच देकर आत्मसमर्पित नक्सलियों की मदद ले रहे हैं।

