बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 6 जुलाई । अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने बड़े स्तर पर विशेष अभियान चलाया। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 90 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
अभियान के दौरान 76 आदतन गुंड़ों, बदमाशों और चाकूबाजी की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्ती जारी रहेगी।
कार्रवाई के तहत 12 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि असामाजिक तत्वों में कानून का डर बना रहे।

