शराब घोटाला : कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के बेटे से EOW कर रही पूछताछ, अफसरों ने पूछा फरारी का ठिकाना

शराब घोटाला : कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के बेटे से EOW कर रही पूछताछ, अफसरों ने पूछा फरारी का ठिकाना

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 8 जुलाई । छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब और कोल लेवी घोटाले की जांच तेज करते हुए आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से लंबी पूछताछ की है। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने रामगोपाल अग्रवाल के पिछले तीन वर्षों के ठिकानों, आर्थिक लेन-देन और कथित नेटवर्क से जुड़े कई सवाल किए है। फिलहाल EOW ने पूछताछ को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, राम गोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव से सुबह से देर रात तक पूछताछ चली, लेकिन फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। EOW अब रामगोपाल अग्रवाल के संपर्क में रहे लोगों से जानकारी जुटाकर पूरे आर्थिक नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी है। रामगोपाल अग्रवाल का नाम करीब 3 हजार करोड़ रुपए के कथित शराब घोटाले, 450 करोड़ रुपए के कोल लेवी वसूली मामले और 127 करोड़ रुपए के कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाले की जांच में सामने आया है। जांच एजेंसियां इन मामलों में कथित धन के प्रवाह, लाभार्थियों और कमीशन के नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक, अग्रवाल करीब तीन साल से सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। इस दौरान उनके देश और विदेश में होने की चर्चाएं भी सामने आती रही हैं। जांच एजेंसियां उनकी लोकेशन और उनसे जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। इससे पहले इन मामलों में कांग्रेस संगठन से जुड़े कुछ अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो चुकी है। ईओडब्ल्यू के सूत्रों के अनुसार रामगोपाल अग्रवाल का प्रदेश में होने का इनपुट मिला है। इसी आधार प सख्ती शुरु की गई है।

Chhattisgarh