राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) , 9 जुलाई । नगर के वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र व्यास की काया को आज स्थानीय लखोली मुक्तिधाम में पंचतत्व में विलीन कर दिया गया । उनकी अंतिम यात्रा में नगर सहित राजधानी एवं अन्य स्थानों से आए उनके अनन्य चाहने वालों ने हिस्सा लिया । मुक्तिधाम में उनकी आत्मा की शांति के लिए आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भावुक क्षणों ने व्यासु जी की सहजता को प्रकट किया ।
आज दोपहर 3 बजे लालबाग हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र व्यास की अंतिम यात्रा निकाली गई । अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में पत्रकार बिरादरी सहित समाजसेवियों ने हिस्सा लिया ।
लखोली मुक्तिधाम में उनके सुपुत्र अंकित व्यास ने अपने पिता के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी । आत्मा की शांति के लिए आयोजित श्रंद्धाजलि समारोह में अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पारिवारिक सदस्य एवं अमृत संदेश के संपादक सानू वोरा ने राजेंद्र व्यास के निधन को पत्रकार जगत की अपूरणीय क्षति बताया ।
श्रद्धांजलि सभा को कांग्रेस शहर अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार , सबेरा संकेत के संपादक सुशील कोठारी ने पत्रकार जगत की ओर से पुष्पांजलि अर्पित की । अपने शोक संदेश में नगर के महापौर मधुसूदन यादव ने श्री व्यास की स्मृति को अक्षुण्ण रखने यादगार कार्य की घोषणा की ।
श्री व्यास जी के ममेरे भाई एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा , राजनांदगांव के पूर्व कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा , डॉक्टर पुखराज बाफना, अमर छत्तीसगढ़ के प्रधान सम्पादक डॉ सी एल जैन सोना, दल्लीराजहरा से आए अमृत संदेश से जुड़े बाबूलाल शर्मा , गायत्री शिक्षण समिति के अध्यक्ष बृजकिशोर सुरजन एवं श्री व्यास जी के मामा ससुर मधुसूदन पुरोहित ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए । श्रद्धांजलि सभा का संचालन डॉ.सूर्यकांत मिश्रा ने किया ।

