बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) , 16 जुलाई 2026। समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वीन्स ने आशीर्वाद ब्लड बैंक, बिलासपुर में ‘संजीवनी मेडिकल इक्विपमेंट बैंक’ का शुभारंभ किया।
इस परियोजना के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों को व्हीलचेयर, वॉकर, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, हॉस्पिटल बेड सहित विभिन्न आवश्यक मेडिकल उपकरण नाममात्र के किराए (Nominal Rental Charge) पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उपयोग के पश्चात उपकरणों को वापस जमा करना होगा, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
इस सेवा परियोजना का शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन आलम सिंह रूपड़ा एवं असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन ओमप्रकाश मोदी के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन भारती सालूनके, सचिव रोटेरियन रिंपी होरा एवं कोषाध्यक्ष रोटेरियन मंजीत सैनी ने संयुक्त रूप से परियोजना का उद्घाटन कर इसे समाज को समर्पित किया।
कार्यक्रम में अपने संबोधन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन आलम सिंह रूपड़ा ने कहा कि यह परियोजना रोटरी की “Create Lasting Impact” थीम को साकार करने वाली एक अनुकरणीय पहल है, जो आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी।

क्लब अध्यक्ष रोटेरियन भारती सालूनके ने बताया कि कई परिवारों को कुछ दिनों या महीनों के लिए मेडिकल उपकरणों की आवश्यकता होती है, लेकिन उन्हें खरीदना हर किसी के लिए संभव नहीं होता। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘संजीवनी मेडिकल इक्विपमेंट बैंक’ की शुरुआत की गई है, ताकि जरूरतमंद लोगों को कम लागत पर समय पर आवश्यक उपकरण उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वीन्स के सभी सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने इस सेवा प्रकल्प को सफल बनाने का संकल्प लिया। उपस्थित सदस्यों ने समाज के अधिक से अधिक लोगों तक इस सुविधा की जानकारी पहुँचाने का भी आह्वान किया।

