कांकेर में धर्मांतरण पर बवाल : ग्रामीणों ने दो मतांतरित परिवारों का सामान गांव से बाहर फेंका, इलाके में तनाव

कांकेर में धर्मांतरण पर बवाल : ग्रामीणों ने दो मतांतरित परिवारों का सामान गांव से बाहर फेंका, इलाके में तनाव

कांकेर(अमर छत्तीसगढ़) 18 जुलाई । छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ताड़ोकी थाना क्षेत्र अंतर्गत बर्रेबेड़ा गांव में धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। गांव के दो मतांतरित परिवारों को लेकर ग्रामीणों में लंबे समय से नाराजगी थी।

ग्रामीण मूल धर्म में वापसी की मांग कर रहे थे, लेकिन परिवारों के इनकार के बाद ग्रामीणों ने सामूहिक निर्णय लेते हुए उनके घरों का सामान गांव की सीमा से बाहर फेंक दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, बर्रेबेड़ा गांव के दो परिवारों ने पूर्व में मतांतरण किया था। ग्रामीणों का कहना था कि दोनों परिवार मूल धर्म में वापस लौटें। इस विषय को लेकर गांव में काफी समय से चर्चा और मतभेद चल रहे थे। जब दोनों परिवारों ने मूल धर्म में लौटने से इनकार कर दिया, तब गांव के ग्रामीण एकजुट हुए और दोनों परिवारों के घरों से घरेलू सामान बाहर निकाल दिया। इसके बाद घरों में ताला लगा दिया गया और घरेलू उपयोग का सामान बारिश के बीच गांव की सीमा से बाहर फेंक दिया गया।

हैरानी की बात तो यह रही कि, इस तनावपूर्ण घटना के दौरान मौके पर पुलिस या प्रशासन का कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। पूरे घटनाक्रम के दौरान ग्रामीण स्वयं मौजूद रहे। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। फिलहाल अब तक मामला पुलिस और प्रशासन के पास नहीं पहुंचा है।

Chhattisgarh