राजनांदगाँव(अमर छत्तीसगढ़) 19 जुलाई । जैन मुनियों का आज सुबह नगर में मंगल प्रवेश हुआ। सकल जैन समाज के लोगों ने गायत्री मंदिर चौक में सुबह उनकी अगवाई की। श्रद्धा और भक्ति के साथ उन्हें दिल्ली दरवाजा, कामठी लाइन, भारत माता चौक, सदर बाजार होते हुए जैन मंदिर लाया गया जहां से वे जैन बगीचा स्थित श्री ज्ञान वल्लभ उपाश्रय भवन पहुंचे।
परम पूज्य श्री मोक्षप्रभ सागरजी म.सा., श्री समयप्रभ सागरजी म.सा., श्री श्रेयांशप्रभ सागरजी म.सा. एवं श्री मौलिकप्रभ सागरजी म.सा. आदि ठाणा-4 का चातुर्मासिक मंगल प्रवेश को लेकर आज सकल जैन श्री संघ में अपूर्व उत्साह देखा गया।
प्रातः गायत्री मंदिर चौक से भव्य मंगल प्रवेश यात्रा प्रारम्भ हुई, जिसमें सकल जैन श्री संघ के पदाधिकारी, ट्रस्टीगण, वरिष्ठ सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएँ उपस्थित रहे।
मार्ग में सुलोचना संस्कार वाटिका, ज्ञान वल्लभ पाठशाला, खरतरगच्छ महिला परिषद, पार्श्व भक्ति ग्रुप, स्नात्र बहू मंडल, स्नात्र महिला मंडल एवं अन्य सभी मंडलों द्वारा आकर्षक धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनसे सम्पूर्ण वातावरण धर्ममय एवं भक्तिमय हो उठा।
भारत माता चौक पर अध्यात्म परिवार की ओर से ट्रस्टीगणों द्वारा जैन इतिहास के महान महापुरुषों के जीवन एवं उनके आदर्शों का प्रेरणादायी वर्णन किया गया। भक्ति एवं भजन की प्रस्तुतियों में भावेश बैद, अजय बैद, करण बैद, विकास बाफना, विनय बैद, विज्जु बरड़िया एवं संजय बगरेचा ने अपनी मधुर स्वर से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

चातुर्मास व्यवस्था समिति की ओर से संयोजक पीयूष बैद एवं सचिव नयन कोठारी (मीकू) सहित समिति के सदस्यों ने सम्पूर्ण कार्यक्रम की उत्कृष्ट व्यवस्थाएँ संभालीं।
मंगल प्रवेश के पश्चात श्री ज्ञान वल्लभ उपाश्रय में धर्मसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन रितेश लोढ़ा ने किया। धर्मसभा में विभिन्न वक्ताओं ने अपने प्रेरक उद्बोधन प्रस्तुत किए तथा स्वागत गीत की मनोहारी प्रस्तुति भी दी गई।अंत में पूज्य गुरुभगवंतों ने अपने मंगल प्रवचन से उपस्थित श्रद्धालुओं को जिनवाणी का अमृतमय रसपान कराया तथा सभी से चातुर्मास के दौरान अधिक से अधिक धर्म आराधना, स्वाध्याय, तप एवं संयम से जुड़ने का भावपूर्ण आह्वान किया। पूरे नगर में जयघोष, गुरु वंदना एवं धर्ममय वातावरण के बीच गुरु भगवंतों का नगर में मंगल प्रवेश संपन्न हुआ। यह चातुर्मासिक मंगल प्रवेश राजनांदगाँव के लिए ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय बन गया। यह जानकारी मीडिया प्रभारी विमल हाजरा ने दी।
सादर प्रकाशनार्थ

