छात्रावास में 14 वर्षीय छात्र की रहस्यमयी मौत : परिजनों के विरोध के बाद एसडीएम के आदेश पर कब्र से निकाला गया शव

छात्रावास में 14 वर्षीय छात्र की रहस्यमयी मौत : परिजनों के विरोध के बाद एसडीएम के आदेश पर कब्र से निकाला गया शव

कांकेर(अमर छत्तीसगढ़) 19 जुलाई । जिले के अंतागढ़ क्षेत्र स्थित सारंडी छात्रावास में 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। एसडीएम के आदेश पर मृत छात्र का शव कब्र से बाहर निकाला गया है, ताकि पोस्टमार्टम कराकर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

जानकारी के अनुसार, कक्षा 9वीं में अध्ययनरत 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि छात्र की मौत के बाद बिना पोस्टमार्टम कराए जल्दबाजी में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उन्होंने छात्रावास अधीक्षक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए यह भी दावा किया कि पोस्टमार्टम नहीं कराने के लिए उन पर दबाव बनाया गया था।

मामले ने तूल पकड़ने के बाद मृतक छात्र के पिता ने प्रशासन से दफन शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने शव के उत्खनन (एक्सह्यूमेशन) की अनुमति दी।

प्रशासन की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाल लिया गया है और अब उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही छात्र की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Chhattisgarh