रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 20 जुलाई । छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने NEET परीक्षा विवाद, यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC), स्मार्ट मीटर, स्थानीय निकायों की CAG रिपोर्ट, विकास कार्यों और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
NEET परीक्षा मामले पर उन्होंने कहा कि सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोबारा परीक्षा कराई, लेकिन कांग्रेस सरकार को बदनाम करने और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने मंसूबों में सफल नहीं होगा।
UCC को लेकर कांग्रेस द्वारा आदिवासी समाज को नुकसान होने के आरोपों पर अरुण साव ने कहा कि सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि आदिवासी समाज के हित पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे। सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित समिति सभी पक्षों से सुझाव लेकर सरकार को प्रारूप सौंपेगी।
स्मार्ट मीटर और बिजली बिल के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर आधुनिक तकनीक का हिस्सा हैं और कांग्रेस इस विषय पर अनावश्यक राजनीति कर रही है।
विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्यों की अनदेखी के आरोपों को खारिज करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार पूरे छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है।
संसद में भ्रष्टाचार के आरोपों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ कोई ठोस तथ्य प्रस्तुत नहीं कर सकी है और केवल साय सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के साथ आने के सवाल पर तंज कसते हुए अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस में कब विवाद होगा और कब मेल-मिलाप, यह कोई नहीं जानता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न नीति है, न नीयत और न ही नेतृत्व।

