कवर्धा(अमर छत्तीसगढ़) 20 जुलाई । छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में हड़कंप मच गया। दरअसल, एक साथ 10 से 15 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई।
छात्राओं को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्रारंभिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का माना जा रहा है। राहत की बात यह है कि, सभी छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुल्लापुर बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास की 10 से 15 छात्राएं कथित फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गईं। छात्राओं ने पहले पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें उल्टी और दस्त की समस्या होने लगी।
मामले की जानकारी मिलते ही छात्रावास की प्रभारी अधीक्षक ने तत्काल सभी छात्राओं को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। इनमें से 4 छात्राओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य छात्राओं का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

