कोरबा(अमर छत्तीसगढ़) 21 जुलाई । छत्तीसगढ़ के कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार की सुबह डॉक्टर के कंप्यूटर टेबल के नीचे एक जहरीला कोबरा सांप फन फैलाकर बैठा दिखाई दिया। सांप को देखते ही मरीजों और अस्पताल स्टाफ में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना तत्काल रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (RCRS) को दी गई। सूचना मिलते ही संस्था के अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और सावधानीपूर्वक कोबरा का सफल रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। समय पर रेस्क्यू होने से अस्पताल में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। घटना के बाद मरीजों और अस्पताल कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
विशेषज्ञों ने बारिश के मौसम में सांपों के रिहायशी और सार्वजनिक स्थानों पर निकलने की संभावना बढ़ने की बात कहते कही है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और ऐसे मामलों में स्वयं पकड़ने की कोशिश करने के बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देने की अपील की है।

