प्रतापपुर में पुलिस पर हमला : पुलिस पर पथराव, एक आरोपी गिरफ्तार, कई फरार

प्रतापपुर में पुलिस पर हमला : पुलिस पर पथराव, एक आरोपी गिरफ्तार, कई फरार

सूरजपुर(अमर छत्तीसगढ़) 24 जुलाई । छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई के दौरान हालात उस समय बिगड़ गए, जब पुराने मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम का ग्रामीणों ने जमकर विरोध कर दिया। देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया गया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

पुलिस को पहले से विरोध की आशंका थी, जिसके चलते पर्याप्त तैयारी और अतिरिक्त बल के साथ टीम मौके पर पहुंची थी। लेकिन गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू होते ही स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इतने बड़े स्तर पर हिंसक विरोध की उम्मीद नहीं थी।

पुलिस का कहना है कि, कार्रवाई के दौरान मौके पर कोई सर्वे या राजस्व टीम मौजूद नहीं थी, बल्कि केवल पुलिस बल ही मौजूद था। घटना के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

वहीं ग्रामीणों का कहना है कि, पूरा विवाद भूमि अधिग्रहण को लेकर है। ग्रामीण जमीन देने का विरोध कर रहे हैं और उनका साफ कहना है कि, वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगे। विरोध के चलते ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) जाम कर दिया है।

फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जिले में पुलिस बल की कमी के कारण आसपास के पांच जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पथराव व हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। दूसरी ओर, ग्रामीणों का आंदोलन जारी है और मौके पर पुलिस व ग्रामीण आमने-सामने बने हुए हैं।

Chhattisgarh