SDM का बड़ा एक्शन : जशपुर लंबे समय से गायब रहने वाले नगर पालिका CMO के दफ्तर पर जड़ा ताला

SDM का बड़ा एक्शन : जशपुर लंबे समय से गायब रहने वाले नगर पालिका CMO के दफ्तर पर जड़ा ताला

जशपुर(अमर छत्तीसगढ़) 24 जुलाई । छत्तीसगढ़ के जशपुर नगर पालिका में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एसडीएम के कड़े निर्देश पर सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय के दफ्तर को ताला लगाकर सील कर दिया गया। इस कड़े और अप्रत्याशित कदम के बाद से न केवल नगर पालिका प्रशासन, बल्कि पूरे जिला प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय के कार्यालय से अनुपस्थित रहने की चर्चा चल रही थी। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि, उच्च अधिकारियों के फोन कॉल का भी जवाब नहीं दिया जा रहा था। हालांकि इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कार्यालय के बाहर सील्ड का नोटिस लगाए जाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से कार्यालय सील किए जाने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में कार्रवाई के वास्तविक कारण और पूरे मामले की स्पष्ट स्थिति प्रशासनिक पुष्टि के बाद ही सामने आ सकेगी।

Chhattisgarh