कोरबा(अमर छत्तीसगढ़) 25 जुलाई । जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को एक कार्बन फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगते ही कुछ ही मिनटों में लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
फैक्ट्री में मौजूद कार्बन और केमिकल सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मी लगातार मशक्कत कर रहे हैं। आग की तीव्रता को देखते हुए फोम का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्रशासन की प्राथमिकता आग को आसपास स्थित अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकना है। इसके लिए सुरक्षा घेरा बनाकर राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

