जगदलपुर पुलिस का बड़ा अलर्ट : संदिग्ध किराएदार छिपाया तो मकान मालिक पर भी होगी कार्रवाई

जगदलपुर पुलिस का बड़ा अलर्ट : संदिग्ध किराएदार छिपाया तो मकान मालिक पर भी होगी कार्रवाई

जगदलपुर(अमर छत्तीसगढ़) 25 जुलाई । छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों और संदिग्ध किराएदारों की पहचान के लिए पुलिस ने निगरानी और तेज कर दी है। खासकर बांग्लादेश से अवैध रूप से आने वाले लोगों की सूचनाओं के बीच जगदलपुर पुलिस मुख्यालय ने आम जनता और मकान मालिकों दोनों की जिम्मेदारी तय कर दी है।

अब किराएदारों का सत्यापन नहीं कराने पर मकान मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। पुलिस ने इसके लिए समाधान ऐप के जरिए हर किराएदार की जानकारी दर्ज करना अनिवार्य बताया है।

राज्य में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। समय-समय पर विभिन्न इलाकों में किराएदारों और मुसाफिरों की जांच की जा रही है। ताकि, अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान की जा सके।

पुलिस मुख्यालय ने किराएदार सत्यापन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए समाधान ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप के माध्यम से हर मकान मालिक को अपने यहां रहने वाले किराएदार की पूरी जानकारी और पहचान संबंधी दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा।

पुलिस का कहना है कि केवल किरायानामा बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि किराएदार का सत्यापन और उसकी जानकारी ऐप पर दर्ज करना जरूरी है। शासन और प्रशासन के निर्देशों का पालन नहीं करने वाले मकान मालिकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति रह रहा हो या उसकी गतिविधियां संदेहास्पद लगें, तो तत्काल पुलिस हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना दें।

Chhattisgarh