रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 25 जुलाई । छत्तीसगढ़ में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली और आकाशीय बिजली ने दो जिलों में कहर बरपा दिया। कोरबा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से तीन ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एमसीबी (बैकुंठपुर) जिले में छह महिलाएं घायल हो गईं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सलोरा-छुरी गांव में छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण धान की रोपाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और खेत की मेड़ पर तेज आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से तीन ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटघोरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कटघोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, एमसीबी जिले के बैकुंठपुर विकासखंड के खरवत गांव में खेत में धान की रोपाई कर रही महिलाओं पर भी आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में छह महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, चार महिलाओं की हालत खतरे से बाहर है, जबकि दो महिलाओं की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उनका लगातार इलाज जारी है।
लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर काम करने से बचने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।

