बलौदाबाजार(अमर छत्तीसगढ़) 26 जुलाई । छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के बर्तन एवं जमीन कारोबारी राजकुमार सर्राफ के गौरव पथ स्थित निवास पर शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग (IT) की टीम ने दबिश दी। कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया और पूरे दिन इस मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे दो वाहनों में सवार 4 से 6 अधिकारी कारोबारी के निवास पहुंचे और परिसर में प्रवेश कर जांच शुरू की। समाचार लिखे जाने तक, सुबह करीब 10 बजे भी अधिकारियों की कार्रवाई जारी थी। टीम परिसर में दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच कर रही है। हालांकि, कार्रवाई के संबंध में ED और आयकर विभाग के अधिकारियों ने कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। अधिकारी मीडिया के सवालों का भी जवाब देने से बचते नजर आए।
सूत्रों के हवाले से चर्चा है कि, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े किसी मामले की जांच के तहत की जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में कार्रवाई का वास्तविक कारण जांच पूरी होने और विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, शहर में इस कार्रवाई को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं, जबकि संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं।
यह जानकारी सामने आ रही है कि, कारोबारी राजकुमार सर्राफ की शराब और कोयला कारोबार में भी कथित हिस्सेदारी रही है। माना जा रहा है कि, इसी संबंध में प्रवर्तन निदेशालय (ED) मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रहा है। हालांकि, ईडी की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

