स्मार्ट मीटर और E20 पेट्रोल पर भूपेश बघेल का हमला : बोले- लोगों का जीना हुआ हराम, गाड़ियों का हो रहा सत्यानाश

स्मार्ट मीटर और E20 पेट्रोल पर भूपेश बघेल का हमला : बोले- लोगों का जीना हुआ हराम, गाड़ियों का हो रहा सत्यानाश

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 27 जुलाई । छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्मार्ट मीटर, केंद्र सरकार की टास्क फोर्स और E20 पेट्रोल के मुद्दे पर केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली के कारण आम जनता परेशान है और कई फैसलों का सीधा असर लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है।

स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भूपेश बघेल ने कहा कि इसकी वजह से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। उनका दावा है कि स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य नहीं, बल्कि ऐच्छिक है। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर लोगों को मजबूरन स्मार्ट मीटर लगाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में “अंधेर नगरी, चौपट राजा” जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े लोग बैठे हुए हैं और यदि किसी योजना को लागू करने वाला तंत्र ही सही ढंग से काम नहीं करेगा तो उसका लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंच सकता।

केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न मुद्दों पर टास्क फोर्स के गठन को लेकर भी उन्होंने तंज कसा। बघेल ने कहा कि केवल टास्क फोर्स बना देने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। जरूरत व्यवस्था को प्रभावी बनाने और जवाबदेही तय करने की है।

वहीं, E20 पेट्रोल को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच भूपेश बघेल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहनों का माइलेज प्रभावित हो रहा है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब “नितिन गडकरी का नंबर है” और E20 पेट्रोल ने लोगों की गाड़ियों का “सत्यानाश” कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री के इन बयानों के बाद स्मार्ट मीटर और E20 पेट्रोल को लेकर सियासी बहस और तेज होने के आसार हैं।

Chhattisgarh