डोंगरगढ़(अमर छत्तीसगढ़) । राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। भाजपा के 111 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा देने का ऐलान किया है।
इस्तीफे की वजह शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोआना की कार्यशैली और कार्यकर्ताओं की कथित उपेक्षा को बताया गया है। सामूहिक इस्तीफे का पत्र सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस्तीफा देने वालों में मंडल, जिला और प्रदेश स्तर के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठ के सदस्य, पूर्व पार्षद, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी और सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हैं। सभी ने आरोप लगाया है कि शहर मंडल अध्यक्ष की कार्यशैली से लंबे समय से कार्यकर्ता स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे थे, जिससे संगठन में असंतोष लगातार बढ़ रहा था।
सामूहिक इस्तीफे का पत्र भाजपा के जिला अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय तथा राष्ट्रीय नेतृत्व के नाम संबोधित किया गया है। पत्र में कहा गया है कि मंडल अध्यक्ष की कार्यशैली और कार्यकर्ताओं की अनदेखी से आहत होकर सभी लोग पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहे हैं।
डोंगरगढ़ में एक साथ बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के इस्तीफे को संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले पर भाजपा जिला संगठन या शहर मंडल अध्यक्ष की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अब राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि पार्टी नेतृत्व इस नाराजगी को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है और सामूहिक इस्तीफों का स्थानीय संगठन पर कितना असर पड़ता है।

