भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ की बढ़ी उम्मीद : गृह मंत्री विजय शर्मा के पत्र पर राजनाथ सिंह का आया जवाब

भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ की बढ़ी उम्मीद : गृह मंत्री विजय शर्मा के पत्र पर राजनाथ सिंह का आया जवाब

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 28 जुलाई । छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की ओर से भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ के गठन की मांग को लेकर भेजे गए प्रस्ताव पर केंद्र सरकार की ओर से सकारात्मक संकेत मिले हैं। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पत्र का जवाब देते हुए बताया है कि इस प्रस्ताव की जांच कराई जा रही है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि बस्तर रेजिमेंट का गठन होता है तो इससे क्षेत्र के युवाओं को सेना में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।

दरअसल, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 26 जून को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर बस्तर रेजिमेंट के गठन का अनुरोध किया था। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया था कि बस्तर संभाग के आदिवासी युवा वर्षों से नक्सल विरोधी अभियानों में अपनी बहादुरी, साहस और कठिन परिस्थितियों में काम करने की क्षमता साबित कर चुके हैं। गुरिल्ला युद्ध और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों का उनका अनुभव भारतीय सेना के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है।

उन्होंने पत्र में यह भी कहा था कि भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट का गठन केवल राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत नहीं करेगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास, सामाजिक स्थिरता और स्थानीय युवाओं को राष्ट्र सेवा का सुनियोजित अवसर भी प्रदान करेगा। इससे बस्तर के युवाओं में गौरव, अनुशासन और आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।

रक्षा मंत्री ने दिया यह जवाब

अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने जवाबी पत्र में लिखा है कि “भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट की स्थापना संबंधी आपका पत्र प्राप्त हुआ। इस विषय की जांच कराई जा रही है।” रक्षा मंत्री के इस जवाब को राज्य सरकार ने सकारात्मक पहल माना है।

सीएम साय ने दी प्रतिक्रिया

वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने बस्तर के युवाओं के हित में यह मांग उठाई थी और अब रक्षा मंत्री का जवाब भी आ गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि बस्तर रेजिमेंट का गठन होता है तो स्थानीय युवाओं को सेना में अधिक अवसर मिलेंगे और बस्तर के विकास को नई गति मिलेगी।

Chhattisgarh