बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 28 जुलाई । नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने और लगातार मानसिक प्रताड़ना देने के आरोप में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मृतक के मामा और मामी को गिरफ्तार कर लिया है। मर्ग जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया और न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय राहुल साहू ने 9 मार्च को आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि राहुल से नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लिए गए थे। आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर उसे लगातार धमकाया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे वह तनाव में आ गया।
पुलिस जांच में आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद मृतक के मामा और मामी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। यदि जांच में अन्य तथ्यों का खुलासा होता है तो मामले में आगे भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

