रायपुर में 70 लाख की चोरी का 6 घंटे में खुलासा : घरेलू रसोइया निकला मास्टरमाइंड; नागपुर से दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में 70 लाख की चोरी का 6 घंटे में खुलासा : घरेलू रसोइया निकला मास्टरमाइंड; नागपुर से दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 27 जुलाई । राजधानी के मोवा स्थित अशोका आइकन अपार्टमेंट में हुई करीब 70 लाख रुपये की चोरी का रायपुर पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में घर के घरेलू रसोइए महेन्द्र कुमार यादव और उसके साथी पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों के कब्जे से ₹51.50 लाख नकद, सोने-चांदी के जेवर, गिन्नी, सिक्के, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान सहित करीब 70 लाख रुपये का पूरा मशरूका बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, कारोबारी पंकज अग्रवाल 26 जुलाई को परिवार के साथ निजी काम से नया रायपुर गए थे। घर पर केवल उनका रसोइया महेन्द्र मौजूद था, जिसने पहले से बनाई गई साजिश के तहत अपने साथी के साथ मिलकर अलमारी का लॉकर खोलकर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से रेलवे स्टेशन पहुंचे और समता एक्सप्रेस से नागपुर भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद आरपीएफ नागपुर के सहयोग से दोनों को रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की पूरी रकम और जेवरात के साथ घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पंडरी में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Chhattisgarh