5वीं वाहिनी साख समिति में ₹3 करोड़ का घोटाला : फर्जीवाड़े के आरोप में तत्कालीन अध्यक्ष गिरफ्तार

5वीं वाहिनी साख समिति में ₹3 करोड़ का घोटाला : फर्जीवाड़े के आरोप में तत्कालीन अध्यक्ष गिरफ्तार

जगदलपुर(अमर छत्तीसगढ़) 29 जुलाई । बस्तर में 5वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) की कर्मचारी कल्याण साख समिति में करीब ₹3 करोड़ के गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समिति के तत्कालीन अध्यक्ष एवं प्रधान आरक्षक शिवाकांत तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की जांच बस्तर पुलिस कर रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि साख समिति में फर्जी दस्तावेज तैयार कर जवानों की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी), लोन की किस्तों और जमा राशि में हेराफेरी की गई। आरोप है कि फर्जीवाड़े के जरिए करोड़ों रुपये निजी बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए, जिससे जवानों की मेहनत की कमाई को बड़ा नुकसान पहुंचा।

प्रारंभिक जांच में वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर साक्ष्य मिलने के बाद तत्कालीन अध्यक्ष शिवाकांत तिवारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब इस पूरे घोटाले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

करीब तीन करोड़ रुपये के इस कथित घोटाले से जवानों और साख समिति से जुड़े कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और जल्द ही मामले में अन्य खुलासे होने की संभावना है।

Chhattisgarh