रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 29 जुलाई । राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक स्थित सुंदरानी हार्डवेयर दुकान में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी चपेट में आकर ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानें जलकर खाक हो गईं।
आग की लपटों ने दुकान के बाहर खड़ी छह से अधिक दोपहिया वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस ने जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होने की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात सुंदरानी हार्डवेयर दुकान से आग भड़की और कुछ ही देर में पास स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकान व अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक फैल गई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि हार्डवेयर दुकान से सटे ऑक्टोपस बार को भी भारी नुकसान पहुंचा।
बार की ऊपरी मंजिल में मौजूद लोगों ने स्थिति गंभीर होते ही छत के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं आसपास के मकानों में रह रहे लोगों को भी समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए निजी पावर प्लांटों की दमकलों की भी मदद ली गई। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया गया, जबकि पूरी तरह आग बुझाने का अभियान देर रात तक जारी रहा।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि आग की शुरुआत हार्डवेयर दुकान से हुई थी। तेज बारिश के बावजूद आग पर काबू पाने में काफी कठिनाई हुई। ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

