महानदी की बाढ़ में फंसे टूरिस्ट : महिलाएं और बच्चों का SDRF ने किया सफल रेस्क्यू, 24 लोगों की बचाई जान

महानदी की बाढ़ में फंसे टूरिस्ट : महिलाएं और बच्चों का SDRF ने किया सफल रेस्क्यू, 24 लोगों की बचाई जान

बलौदाबाजार(अमर छत्तीसगढ़) 30 जुलाई । जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ने से बल्दा कछार क्षेत्र स्थित ‘ट्री ऑफ लाइफ मचान’ नामक निजी रिसोर्ट का संपर्क पूरी तरह कट गया। रिसोर्ट में मौजूद पर्यटक, महिलाएं, छोटे बच्चे, कर्मचारी और कुछ ग्रामीण बाढ़ के पानी के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, महानदी में आई बाढ़ के कारण रिसोर्ट तक पहुंचने वाला मार्ग जलमग्न हो गया, जिससे वहां मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने नगर सेना और एसडीआरएफ (SDRF) की बाढ़ बचाव टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया।

रेस्क्यू टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच अभियान चलाते हुए बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में सफलता हासिल की। अभियान के दौरान 4 छोटे बच्चों, 5 महिलाओं, 7 वयस्क पुरुषों और अन्य ग्रामीणों सहित कुल 24 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और एसडीआरएफ की मुस्तैदी से समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए नदी-नालों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Chhattisgarh