छात्रा को डरा- धमकाकर 14.50 लाख कैश और 450 ग्राम सोना ठगने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

छात्रा को डरा- धमकाकर 14.50 लाख कैश और 450 ग्राम सोना ठगने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 3 अगस्त । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दोस्ती के नाम पर एक छात्रा से 14.50 लाख रुपये नकद और 450 ग्राम सोने के जेवर ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पुलिस विभाग में पदस्थ एएसआई का बेटा भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित छात्रा के दादा एसईसीएल (SECL) से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। बीमारी के चलते उन्होंने अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड और लॉकर की जिम्मेदारी अपनी पोती को सौंप रखी थी। आरोपियों ने पहले छात्रा से दोस्ती की और फिर विश्वास जीतकर उससे अलग-अलग किस्तों में करीब 14.50 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने छात्रा को शेयर मार्केट में निवेश का झांसा दिया। इसी बहाने उससे आर्थिक मदद ली गई। छात्रा ने एटीएम और फोनपे के जरिए कई बार पैसे दिए। इसके अलावा आरोपियों ने एक रिसॉर्ट के पास बुलाकर उससे लॉकर में रखे करीब 450 ग्राम सोने के जेवर भी हासिल कर लिए।

मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आदर्श यादव और एक नाबालिग साथी लगातार महंगे होटलों में पार्टी कर रहे हैं और उनके पास बड़ी मात्रा में सोने के जेवर हैं। पूछताछ में आरोपियों ने छात्रा से ठगी की पूरी वारदात कबूल कर ली। पुलिस जांच में पता चला कि ठगी से हासिल रकम से आरोपी नेपाल घूमने गए थे और आलीशान जीवनशैली, महंगी पार्टियों तथा अन्य शौक पूरे कर रहे थे। एक पार्टी में 6 से 10 हजार रुपये तक खर्च किए जाते थे।

बताया गया है कि मुख्य आरोपी आदर्श यादव के पिता धर्मेंद्र यादव पुलिस विभाग में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) हैं। पुलिस के मुताबिक, गलत गतिविधियों के कारण आदर्श को पहले ही परिवार से अलग कर दिया गया था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। साथ ही शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर की गई ठगी के पहलू की भी विस्तृत जांच की जा रही है।

Chhattisgarh