अंबिकापुर में गलत सरपंच की गिरफ्तारी पर बवाल : जनपद CEO को कारण बताओ नोटिस, सरपंच संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

अंबिकापुर में गलत सरपंच की गिरफ्तारी पर बवाल : जनपद CEO को कारण बताओ नोटिस, सरपंच संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

सरगुजा(अमर छत्तीसगढ़) 3 अगस्त । छत्तीसगढ़ के जनपद पंचायत अंबिकापुर के ग्राम पंचायत चीताबहार में सामुदायिक शौचालय के निर्माण में गबन के आरोप में, पुलिस द्वारा ग्राम पंचायत सरईटिकरा के सरपंच रामसाय मिंज को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश करने का मामला तूल पकड़ने लगा है।

गफलत के लिए सरपंच संघ ने जनपद पंचायत अंबिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जिम्मेदार ठहराते हुए, हटाने के लिए मोर्चा खोल दिया है। सरगुजा जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष जय सिंह ने कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात कर घटना के संबंध में जानकारी दी।

सरपंचों ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्र में आदिवासी सरपंच हैं, यदि उन्हें इस तरह से प्रताड़ित किया जाएगा तो काम करना मुश्किल हो जाएगा। सरपंच संघ ने कहा कि जनपद सीईओ का पहले ही तबादला हो चुका है, इसलिए उन्हें यहां से कार्यमुक्त किया जाना चाहिए। जनपद सीईओ के कार्य व्यवहार तथा अनुचित ढंग से दबाब बनाने को लेकर भी सरपंचों ने शिकायतें कीं सरपंच संघ ने अंबिकापुर जनपद पंचायत के सीईओ को हटाने की मांग करते हुए जिला प्रशासन को सात दिन की मोहलत दी है। मांगे नहीं मानी गई तो जिलेभर के सरपंच संघ के पदाधिकारियों द्वारा जनपद पंचायत कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन करने की बात कही है।

ग्राम पंचायत चीताबहार में सामुदायिक शौचालय की राशि का गबन किया गया है। यह वित्तीय अनियमितता वर्ष 2021-22 में की गई है। जनपद पंचायत अंबिकापुर द्वारा इस वित्तीय अनियमितता के लिए ग्राम पंचायत चीताबहार के सरपंच को दोषी ठहराया गया था।जनपद सीईओ द्वारा जारी पत्र को आधार बनाकर पुलिस ने बीते दिनों सरईटिकरा सरपंच रामसाय मिंज को उस समय गिरफ्तार किया था जब वह अपने खेत में थे।

रामसाय मिंज सरपंच संघ अंबिकापुर के अध्यक्ष भी हैं। कांग्रेस समर्थित सरपंच होने के कारण इसे सुनियोजित साजिश बताकर कांग्रेस ने भी विरोध किया था। बाद में जनपद सीईओ ने एसडीएम को एक अलग पत्र जारी कर स्थिति स्पष्ट कर दी कि सरईटिकरा के सरपंच रामसाय मिंज का इस गबन से कोई लेना-देना नहीं है।

कलेक्टर अजीत वसंत ने इस पूरे प्रकरण की जांच का निर्देश, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल को दिया है। कलेक्टर ने कहा है कि जिला पंचायत सीईओ के जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जिस पंचायत में शासकीय राशि का गबन हुआ है वहां के सरपंच को छोड़कर दूसरे ग्राम पंचायत के सरपंच को गबन के आरोप में पुलिस के जरिए एसडीएम कोर्ट में प्रस्तुत करने के मामले में, कलेक्टर ने जनपद पंचायत अंबिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कलेक्टर ने कहा कि प्रकरण उनके संज्ञान में है। सरपंच संघ द्वारा प्रेषित शिकायत की जांच कराई जा रही है।

Chhattisgarh