डोंगरगढ़(अमर छत्तीसगढ़) । डोंगरगढ़ भाजपा में चल रहा संगठनात्मक असंतोष थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे और कई नेताओं के पद छोड़ने के बाद अब भाजपा आईटी सेल के डोंगरगढ़ मंडल सह संयोजक पंकज अग्रवाल ने भी अपनी जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की नई जिला कार्यकारिणी घोषित होने के अगले ही दिन उनके इस्तीफे से संगठन के भीतर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
पंकज अग्रवाल ने भाजपा जिलाध्यक्ष को भेजे अपने इस्तीफे में कहा है कि वे व्यक्तिगत और व्यावसायिक कारणों के चलते संगठन को अपेक्षित समय नहीं दे पा रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने भाजपा आईटी सेल की जिम्मेदारियों के साथ-साथ पार्टी के सभी पदों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व द्वारा दिए गए अवसर, मार्गदर्शन और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पार्टी के प्रति सम्मान बनाए रखने की बात कही है।
हालांकि, इस्तीफे में किसी भी पदाधिकारी या संगठन पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है, लेकिन यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब डोंगरगढ़ भाजपा पहले से ही लगातार इस्तीफों और अंदरूनी खींचतान को लेकर सुर्खियों में है।
बीते दिनों 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे, इसके बाद 26 नेताओं के पद छोड़ने, पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष सुमित मिश्रा के इस्तीफे और फिर उसे वापस लेने जैसे घटनाक्रमों ने संगठन की अंदरूनी कलह को सार्वजनिक कर दिया था। अब पंकज अग्रवाल के इस्तीफे ने संगठन की स्थिति को लेकर राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
नई नियुक्तियों के बीच लगातार सामने आ रहे इस्तीफों को संगठन के लिए चुनौती माना जा रहा है। अब सबकी नजर भाजपा नेतृत्व पर है कि वह असंतुष्ट कार्यकर्ताओं और नेताओं को मनाने के लिए क्या रणनीति अपनाता है और डोंगरगढ़ इकाई में जारी असंतोष को कैसे खत्म करता है।

