अंबिकापुर में सूने मकान पर चोरों का धावा : सब इंजीनियर के घर से सोने-चांदी के जेवरात पार, CCTV का DVR भी ले गए चोर

अंबिकापुर में सूने मकान पर चोरों का धावा : सब इंजीनियर के घर से सोने-चांदी के जेवरात पार, CCTV का DVR भी ले गए चोर

अंबिकापुर(अमर छत्तीसगढ़) 4 अगस्त । सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित कोणार्क रेसिडेंस कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। नेशनल हाईवे विभाग में पदस्थ सब इंजीनियर रितेश सिंह के सूने मकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के बाद आरोपी घर में लगे सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर (DVR) भी अपने साथ ले गए, ताकि पुलिस के हाथ कोई फुटेज न लग सके।

जानकारी के अनुसार, रितेश सिंह अपने परिवार के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के लिए वाराणसी गए हुए थे। इसी दौरान शनिवार और रविवार की दरमियानी रात चोरों ने उनके घर के मुख्य गेट का सेंट्रल लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गए।

वारदात की जानकारी मिलने पर रितेश सिंह ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद कॉलोनी के रहवासियों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Chhattisgarh