रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 4 अगस्त । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सूखे नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में तेलीबांधा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। टीम ने एक ट्रक से 191 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 19 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में पश्चिम बंगाल के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर एक अशोक लीलैंड ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक से 191 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोहम्मद लाल और मोहम्मद रूस्तम, दोनों निवासी पश्चिम बंगाल, को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजे की खेप के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। रायपुर पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

