कुलगाम आतंकी हमले पर कांग्रेस का सरकार पर हमला : शुक्ला बोले- शव घर तक क्यों नहीं पहुंचे? मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ मुआवजा मिले’

कुलगाम आतंकी हमले पर कांग्रेस का सरकार पर हमला : शुक्ला बोले- शव घर तक क्यों नहीं पहुंचे? मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ मुआवजा मिले’

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि दोनों मृतकों के शव उनके गृह जिलों तक नहीं लाए गए और वहीं अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिससे परिजनों को अंतिम दर्शन तक का अवसर नहीं मिल सका।

सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि हमले में जान गंवाने वाले मजदूरों में एक सारंगढ़-बिलाईगढ़ और दूसरा सक्ति जिले का निवासी था। उन्होंने कहा कि सरकार न केवल मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही, बल्कि उनकी मृत्यु के बाद भी परिवारों के प्रति संवेदनशीलता नहीं दिखाई गई।

कांग्रेस नेता ने कहा कि किसी भी राज्य सरकार की जिम्मेदारी होती है कि दूसरे राज्य में हादसे या आतंकी हमले में जान गंवाने वाले नागरिकों के शव सम्मानपूर्वक उनके परिजनों तक पहुंचाए जाएं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मजदूर होने की वजह से उनके साथ अलग व्यवहार किया गया।

कांग्रेस ने राज्य सरकार द्वारा घोषित 20 लाख रुपये के मुआवजे को अपर्याप्त बताते हुए मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की। सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्य खो दिए हैं, इसलिए सरकार को अधिक आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि पहलगाम के बाद अब कुलगाम में भी आतंकी हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग की है।

Chhattisgarh