सुकमा में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी : बोधराज पाड़र के जंगल से नक्सलियों का हथियारों का जखीरा बरामद

सुकमा में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी : बोधराज पाड़र के जंगल से नक्सलियों का हथियारों का जखीरा बरामद

सुकमा(अमर छत्तीसगढ़) 4 अगस्त । छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को बोधराज पाड़र के जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और गोला-बारूद का डंप बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत की गई। नक्सलियों की गतिविधियों की सूचना मिलने पर भेज्जी थाना पुलिस और सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की संयुक्त टीम को बोधराज पाड़र के जंगल में सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था।

सुरक्षाबलों ने इलाके की गहन तलाशी के दौरान जमीन में छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया। डंप से एक .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल, 7.62×39 मिमी के 47 जिंदा कारतूस, 7.62×51 मिमी के 2 जिंदा कारतूस तथा एक एल्यूमिनियम कंटेनर जब्त किया गया।

पुलिस का कहना है कि बरामद हथियार और गोला-बारूद नक्सलियों द्वारा भविष्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से छिपाकर रखे गए थे। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों की योजनाओं को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा एजेंसियां आसपास के जंगलों में अन्य नक्सली ठिकानों की तलाश में जुटी हुई हैं।

Chhattisgarh