बृजमोहन के बाद अब विजय बघेल का बड़ा कदम : दो निगम आयुक्तों पर विशेषाधिकार हनन की शिकायत, लिखा- फोन तक नहीं उठाते अधिकारी

बृजमोहन के बाद अब विजय बघेल का बड़ा कदम : दो निगम आयुक्तों पर विशेषाधिकार हनन की शिकायत, लिखा- फोन तक नहीं उठाते अधिकारी

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 4 अगस्त । छत्तीसगढ़ में सांसदों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बाद अब दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भी विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई है। विजय बघेल ने भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार पांडेय और भिलाई-चरोदा नगर निगम के आयुक्त डीएस राजपूत के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष विशेषाधिकार हनन का मामला उठाया है।

सांसद विजय बघेल का आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने न केवल उनके फोन कॉल का जवाब नहीं दिया, बल्कि जनहित से जुड़े मामलों में अपेक्षित सहयोग और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने से भी परहेज किया। उनका कहना है कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में अपने दायित्वों के निर्वहन में उन्हें प्रशासनिक स्तर पर सहयोग नहीं मिला।

इस शिकायत के बाद लोकसभा सचिवालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य शासन और संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है। सचिवालय द्वारा मांगी गई रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

इससे पहले रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव आईएएस अमित कटारिया के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष से विशेषाधिकार हनन की शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि सचिव ने फोन पर उनके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया। उस मामले में भी लोकसभा सचिवालय ने जानकारी तलब की थी।

अब विजय बघेल की शिकायत सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। लगातार दो सांसदों द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराए जाने को राज्य की प्रशासनिक कार्यशैली पर उठ रहे सवालों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Chhattisgarh