पखांजूर(अमर छत्तीसगढ़) 5 अगस्त । नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम ने नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। यह कार्रवाई महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे कुमनार जंगल क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान की गई।
सुरक्षा बलों ने जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए 14 हथियार, आईईडी (IED), एसएलआर की मैगजीन और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की। जब्त किए गए हथियारों में एसएलआर, .303 रायफल, 12 बोर रायफल, सिंगल शॉट रायफल और बीजीएल लॉन्चर जैसे हथियार शामिल हैं।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों ने इन हथियारों और विस्फोटकों को किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से छिपाकर रखा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान यह बड़ी सफलता हाथ लगी।
सुरक्षा बलों ने बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इलाके में नक्सलियों की गतिविधियों को देखते हुए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सीमा क्षेत्र में नक्सली नेटवर्क को पूरी तरह कमजोर करना और किसी भी संभावित घटना को पहले ही विफल करना है।

