45 करोड़ का निवेश दिलाने के नाम पर 1.13 करोड़ की ठगी : रायपुर पुलिस ने नागपुर से दो महिला आरोपियों को दबोचा

45 करोड़ का निवेश दिलाने के नाम पर 1.13 करोड़ की ठगी : रायपुर पुलिस ने नागपुर से दो महिला आरोपियों को दबोचा

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 5 अगस्त । 45 करोड़ रुपये का निवेश दिलाने का झांसा देकर 1.13 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में नागपुर से दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर देश के कई राज्यों में इसी तरह की करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय (निवासी कोलकाता) और दीपिका पालीवाल (निवासी उदयपुर, राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों पिछले करीब 15 वर्षों से सक्रिय ठग गिरोह का हिस्सा हैं और नागपुर, लखनऊ सहित कई राज्यों में निवेश के नाम पर लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के ग्राम बोरिदकला निवासी उमेश कुमार सिन्हा, जो सालिक ग्रीन रिन्यूएबल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं, ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कंपनी के विस्तार और नए प्लांट की स्थापना के लिए करीब 45 करोड़ रुपये के निवेश की आवश्यकता थी।

शिकायत के मुताबिक, इस दौरान उनकी मुलाकात राकेश कौशिक के माध्यम से दीपक सिंह, अभिषेक सिंह, योगी और अन्य लोगों से हुई। आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली व्यक्तियों और विदेशी निवेशकों से जुड़ा बताते हुए 45 करोड़ रुपये का निवेश उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। भरोसा जीतने के बाद अलग-अलग बहानों से उनसे 1.13 करोड़ रुपये ले लिए, लेकिन न तो निवेश मिला और न ही रकम वापस की गई।

शिकायत के आधार पर रायपुर पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नागपुर में दबिश देकर दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Chhattisgarh